मताधिकार का प्रयोग करने वाला ही सच्चा नागरिक : उपायुक्त
नाहन में जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित
नाहन (सिरमौर), 25 जनवरी। लोकतंत्र के पर्व में जो व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग करता है, वही सही मायनों में राष्ट्र का सच्चा नागरिक होता है। एक मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यस्क नागरिक को अनिवार्य रूप से मतदान करना चाहिए, क्योंकि वोट डालना प्रत्येक मतदाता का संवैधानिक अधिकार होने के साथ-साथ नैतिक कर्तव्य भी है।
यह उद्गार उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने उपायुक्त कार्यालय नाहन के बचत भवन में आयोजित 16वें जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
🔴 Also Read :
👉 29 जनवरी को बनेठी में सरकार गांव के द्वार, 11 पंचायतों की समस्याओं का होगा मौके पर समाधान
👉 नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की कार्यप्रणाली, योजनाओं और अन्य गतिविधियां!!
उपायुक्त ने कहा कि यह जिला सिरमौर के लिए गर्व का विषय है कि महिला मतदाता अनुपात में वृद्धि के लिए किए गए विशेष प्रयासों के चलते जिले को दो राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इनमें एक पुरस्कार जिला निर्वाचन अधिकारी को तथा दूसरा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शिलाई को प्रदान किया गया है, जिन्हें राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम के दौरान शिमला में सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद सभी पात्र युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य पंजीकृत करवाएं और प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इससे न केवल सशक्त सरकार का गठन संभव होगा, बल्कि लोकतंत्र की नींव भी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 से प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना और मतदान के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें आईटीआई नाहन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान नए पंजीकृत मतदाताओं को फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। तहसीलदार निर्वाचन विजय कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया और राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में अधीक्षक निर्वाचन तेजेन्द्र ठाकुर सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नए मतदाता उपस्थित रहे।
