बनेठी में 29 जनवरी को लगेगा सरकार गांव के द्वार शिविर, 11 पंचायतों की समस्याओं का होगा समाधान
नाहन (सिरमौर), 24 जनवरी। नाहन विधानसभा क्षेत्र के बनेठी में 29 जनवरी, 2026 को आयोजित होने वाले सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान की अध्यक्षता में जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपमंडलाधिकारी राजीव सांख्यान ने बताया कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान करेंगे। इस दौरान नाहन विधानसभा क्षेत्र की करीब 11 पंचायतों से आए लोगों की समस्याओं और मांगों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभाग प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाएंगे, साथ ही कई सेवाएं ऑन-लाइन माध्यम से भी प्रदान की जाएंगी, ताकि ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
बैठक में बीएमओ धगेड़ा डॉ. मोनिषा अग्रवाल ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में निशुल्क स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे सुविधा, आभा आई-डी तथा आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
उपमंडलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान लोक मित्र केंद्र की सेवाएं सुनिश्चित करने तथा आधार पंजीकरण एवं अपडेट के लिए विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे 29 जनवरी को बनेठी में आयोजित होने वाले सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और प्रदेश सरकार द्वारा घर-द्वार पर दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं।
🔴 ये भी पढ़ें :
👉 सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 24 जनवरी को उपायुक्त की अध्यक्षता में सम्पन्न, बैठक लिए गए Big Decisions
