बिना वैध दस्तावेज़ों के सिरमौर पहुंची उज़्बेकिस्तान की महिला, पुलिस से किया गिरफ्तार
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर पुलिस ने भारत में बिना वैध दस्तावेज़ों के पहुंची एक उज़्बेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सदर नाहन में महिला के विरुद्ध Foreigners Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार वीरवार की रात्रि पुलिस थाना नाहन को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शक्तिनगर से आगे कैंची मोड़ के पास एक संदिग्ध गाड़ी खड़ी है, जिसमें एक युवक और एक युवती बैठे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने लिंक रोड जोगनवाली, नाहन में एक कार (नंबर UP16EF-7194) को सड़क किनारे नाली में एक तरफ धंसा हुआ पाया। वाहन की जांच करने पर चालक सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सैफ क्वेजिलबाश, निवासी ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) बताया। वहीं, साथ वाली सीट पर बैठी महिला ने स्वयं को उज़्बेकिस्तान की नागरिक बताया।
पुलिस द्वारा दस्तावेज़ों की तस्दीक किए जाने पर उक्त महिला के पास भारत में रहने का वैध वीज़ा अथवा पासपोर्ट नहीं पाया गया। इसके बाद पुलिस थाना नाहन में महिला के विरुद्ध धारा 14, Foreigners Act के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला कब और किस माध्यम से भारत में दाखिल हुई। जांच पूरी होने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
🔴 Also Read :
👉 जानें अपने क्षेत्र के अपराधिक मामलों और उनपर दर्ज मामलों के बारे में एक click पर
