कालाअंब चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष उमेश गर्ग का निधन, उद्योग जगत में शोक की लहर
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित उद्योग रुचिरा पेपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक उमेश गर्ग का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने 77 वर्ष की आयु में पंचकुला स्थित पारस अस्पताल में प्रातः करीब 6:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही कालाअंब सहित पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
स्वर्गीय उमेश गर्ग कालाअंब चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष भी रह चुके थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उद्योगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से उठाया और औद्योगिक विकास के लिए कई अहम पहल कीं। उद्योग हितों की रक्षा और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका सराहनीय रही।
वर्तमान में उनके पुत्र दीपन गर्ग कालाअंब चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उमेश गर्ग के निधन पर औद्योगिक जगत, सामाजिक संगठनों और अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है और इसे उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
स्वर्गीय उमेश गर्ग का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम चार बजे यमुना घाट स्वर्गधाम, यमुनानगर में किया गया। उनके निधन से उद्योग जगत ने एक अनुभवी, दूरदर्शी और कर्मठ नेतृत्व खो दिया है।
🔴 ये भी पढ़ें :
👉 सोलन में दर्दनाक हादसा: दूध देने जा रही 15 वर्षीय किशोरी पर चट्टान गिरने से हुई दुःखद मौत
