त्रिलोकपुर शक्ति पीठ में दर्शन के लिए आए बुजुर्ग श्रद्धालु की आकस्मिक मौत
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध त्रिलोकपुर शक्ति पीठ माता बाला सुंदरी मंदिर में सोमवार को दर्शन के लिए आए एक बुजुर्ग श्रद्धालु की आकस्मिक मौत हो गई। यह घटना मंदिर परिसर में उस समय हुई, जब श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामेश्वर दास (65) निवासी शहजादपुर, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु शाम करीब 5:15 बजे त्रिलोकपुर शक्ति पीठ में मंदिर की सीढ़ियां चढ़ रहे थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर आ गया और वह गिर पड़े। इसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई।
Also Read : पांवटा साहिब में Tragic Road Accident, 01 महिला की मौत |
Also Read : माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर का इतिहास और महत्व
मौके पर एक दुकानदार ने तत्काल परिजनों को अपनी गाड़ी से बुजुर्ग को अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस अपने घर ले गए।
हालांकि त्रिलोकपुर शक्ति पीठ में हुई इस घटना के बाद मौत के स्पष्ट कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग की मृत्यु हृदयगति रुकने के कारण हुई है। इस संदर्भ में मृतक के पुत्र रिंकू शर्मा ने बताया कि उनके पिता की मौत हृदयघात से हुई है।
उल्लेखनीय है कि त्रिलोकपुर शक्ति पीठ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए शोक का माहौल बना रहा। प्रशासन से श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर उचित इंतजाम सुनिश्चित करने की भी मांग उठने लगी है।
