नाहन शहर में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्ती
एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में लगातार बढ़ रही अव्यवस्थाओं को देखते हुए एसडीएम राजीव सांख्यान ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की समस्या पर फोकस किया गया, जिससे शहर की तंग सड़कों पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया है।
एसडीएम राजीव सांख्यान के साथ आरटीओ सोना चंदेल, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) अजय गर्ग सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, संकरी गलियों और व्यस्त मार्गों का जायजा लिया, जहां दुकानों के आगे किए गए अवैध कब्जा और अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
Also Read : खबरों से update रहने के लिए हमारे व्हाट्सअप ग्रुप को जॉइन करें
Also Read : जिला सिरमौर के पुरुवाला में 5 लीटर अवैध शराब बरामद, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज | Strong Action by Police
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद की ओर से अवैध कब्जाधारियों को कड़ी लताड़ लगाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जल्द स्वयं कब्जे नहीं हटाए गए तो नगर परिषद नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सामान जब्त करेगी। एसडीएम ने कहा कि बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम राजीव सांख्यान ने बताया कि शहर में बढ़ती समस्याओं, खासकर अवैध कब्जा और अवैध पार्किंग, को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी और इसे उपायुक्त (डीसी) को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि यदि अवैध कब्जा और अवैध पार्किंग पर स्थायी समाधान किया जाए तो नाहन शहर में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती है।
