चंबा की सीमाओं पर कड़ा पहरा
जवान अलर्ट मोड में, गश्त और जांच तेज
चंबा : पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ क्षेत्र में हुई आतंकी वारदात के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। एहतियातन जिले की सीमाओं को सील करते हुए सुरक्षा बलों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। सीमावर्ती इलाकों में तैनात जवानों को रुटीन से अधिक गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना देने के आदेश दिए गए हैं।
जम्मू की ओर से डोडा-किश्तवाड़ मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की घुसपैठ या संदिग्ध हलचल को समय रहते रोका जा सके।
Also Read : बद्दी में 01 नवजात बच्चे की चोरी मामले में Big Update | आरोपी दंपती को नोटिस पर छोड़ा, जांच जारी
गौरतलब है कि चंबा जिले की लगभग 216 किलोमीटर लंबी सीमा जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील जिलों डोडा और कठुआ से लगती है। किश्तवाड़ में हुई आतंकी घटना के बाद तीन आतंकियों के फरार होने की सूचना है, जिनकी तलाश में सेना और सुरक्षा एजेंसियां व्यापक स्तर पर अभियान चला रही हैं।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सभी जवानों को अलर्ट मोड में रहकर ड्यूटी निभाने और सतर्कता बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
