चंबा में बड़ा हादसा: नाले में गिरते ही पिकअप में लगी आग, चालक व साथी ने कूदकर बचाई जान
चंबा: चंबा जिले में तीसा – बैरागढ़ मुख्य सड़क पर तरवाई के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। चलते समय एक पिकअप वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क से नीचे नाले में जा गिरा। गिरते ही वाहन में आग भड़क उठी, जिससे पिकअप कुछ ही पलों में जलकर खाक हो गई।
हादसे से ठीक पहले वाहन में सवार दोनों लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, कूदने के दौरान दोनों को चोटें आई हैं। घायलों की पहचान सलीम पुत्र ताज मुहम्मद और वंशु पुत्र कर्म चंद के रूप में हुई है, जो चुराह तहसील के खुशनगरी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
Also Read : जिला सिरमौर में अवैध शराब के खिलाफ Strong Action, कालाअंब व पांवटा साहिब से 02 आरोपी गिरफ्तार
नाले में वाहन गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को निगरानी में भर्ती कर लिया है।
Also Read : हिमाचल प्रदेश पुलिस की समस्त जानकारी यहां उपलब्ध है!
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार हादसे में पिकअप पूरी तरह जल चुकी है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के पीछे चालक की लापरवाही या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
