Table of Contents
मौसम और ट्रैफिक चेतावनी की अनदेखी पर सख्ती, हिमाचल पुलिस ने एडवाइजरी की जारी
शिमला: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के बाद पुलिस मुख्यालय ने हिमाचल पुलिस एडवाइजरी जारी करते हुए सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने साफ कहा है कि मौसम और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों को नजरअंदाज करना अब भारी पड़ सकता है और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लाहौल-स्पीति जिले सहित शिंकुला दर्रा, दारचा, टांडी और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ जमने से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। कई स्थानों पर वाहन स्किड होने से ट्रैफिक बाधित हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए हिमाचल पुलिस एडवाइजरी में यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
बर्फबारी के दौरान कैंपिंग पर पूर्ण प्रतिबंध
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बर्फबारी के समय भूस्खलन, हिमस्खलन और सड़क धंसने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में नदी-नालों के किनारे, ढलानों, संकरे और संवेदनशील मार्गों पर रुकने या कैंपिंग करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हिमाचल पुलिस एडवाइजरी में खासतौर पर पर्यटकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया या अप्रमाणिक स्रोतों की जानकारी के आधार पर यात्रा की योजना न बनाएं।
बर्फबारी में यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की आधिकारिक जानकारी लें
अनावश्यक यात्रा से बचें और रात में सफर न करें
वाहन में स्नो चेन, पूरा फ्यूल और आपातकालीन किट जरूर रखें
नदी-नालों, ढलानों और खुले स्थानों के पास वाहन न रोकें।
ये भी पढ़ें : बद्दी से चोरी हुआ नवजात यूपी के रामपुर से बरामद, 02 दिन के बच्चे की चोरी के आरोप में दंपती के खिलाफ केस दर्ज
प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करें
पुलिस ने चेताया है कि प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर जुर्माने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। होटल संचालकों और टूर ऑपरेटरों को भी अपने ग्राहकों को सही और आधिकारिक जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि बर्फबारी के दौरान आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। हिमाचल पुलिस एडवाइजरी की अवहेलना करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
