बद्दी से चोरी हुआ नवजात यूपी के रामपुर से बरामद, आरोपी पति-पत्नी पर मामला दर्ज
बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र से चोरी हुआ दो दिन का नवजात शिशु पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रामपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामदगी के बाद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार बद्दी के बिलांवाली क्षेत्र में निर्मल सिंह के मकान में बिहार के पटना की एक महिला और यूपी के रामपुर की एक महिला अलग-अलग कमरों में किराये पर रह रही थीं। 9 जनवरी को बिहार की महिला ने चौथे बच्चे को जन्म दिया, जो बेटा था। इसके दो दिन बाद 11 जनवरी को बच्चा अचानक गायब हो गया।
ये भी पढ़ें : सिरमौर में 02 दिन में 02 सड़क हादसे, अलग-अलग दुर्घटनाओं में 02 लोगों की Tragic Death
महिला ने जब बच्चे की तलाश की तो साथ वाले कमरे में रहने वाला दंपती भी उसी दिन से लापता मिला। शक होने पर महिला ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और संदिग्ध दंपती का पता लगाकर एक टीम यूपी के रामपुर भेजी।
ये भी पढ़ें -: देश – विदेश, राज्य की खबरों के लिए हमारे व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें 👉 Click Here
जांच में सामने आया कि रामपुर निवासी महिला की शादी को करीब 9 साल हो चुके हैं, लेकिन उसके कोई संतान नहीं थी। पहले दोनों महिलाओं के बीच यह सहमति बनी थी कि यदि चौथा बच्चा बेटी होगी तो उसे रामपुर की महिला को दे दिया जाएगा। इसी कारण वह गर्भावस्था के दौरान महिला की मदद भी करती रही। लेकिन बेटे के जन्म के बाद मां ने बच्चा देने से इनकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार इसी बात से नाराज होकर आरोपी महिला ने अपने पति के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से बच्चे को चोरी कर लिया और रामपुर ले गई। पुलिस ने वहां से बच्चे को बरामद कर बद्दी लाया, जबकि दंपती को भी हिरासत में ले लिया गया।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि नवजात को उसकी असली मां के हवाले कर दिया गया है और आरोपी दंपती के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
