हिमाचल: मनाली में चिट्टा तस्करी पर बड़ा प्रहार, दंपती सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में चल रहे चिट्टा मुक्त अभियान के तहत कुल्लू पुलिस को इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी है। पर्यटन नगरी मनाली में चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक दंपती को 303 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह बरामदगी वर्ष 2026 में जिले की सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को मनाली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चचोगा (झाड़ग) क्षेत्र में एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में संगत राम पुत्र शोभू राम और उसकी पत्नी डिंपल को मौके से हिरासत में लिया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read : सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में लचर परिवहन व्यवस्था: ओवरलोड बसें और बदहाल सड़कें बन रहीं बड़े हादसों की वजह
उधर, भुंतर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक अन्य कार्रवाई करते हुए पंजाब के जिरकपुर निवासी युवक को 61.44 ग्राम चिट्टा, नकद 7,200 रुपये और एक वाहन सहित गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे की खेप की सप्लाई के इरादे से क्षेत्र में सक्रिय था।
जिला पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मनाली में चिट्टा तस्करी से जुड़े दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।
पुलिस का कहना है कि मनाली में चिट्टा तस्करी जैसे मामलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
