कोटडी व्यास की बेटियां उड़ीसा में दिखाएंगी दम, सब जूनियर रग्बी में हिमाचल का करेंगी प्रतिनिधित्व
पांवटा साहिब (सिरमौर)। खेलों के क्षेत्र में कोटडी व्यास लगातार नई पहचान बना रहा है। 10वीं सब जूनियर राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में कोटडी व्यास क्षेत्र की छह होनहार बेटियां हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के तत्वावधान में 16 से 18 जनवरी तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित की जाएगी।
इस प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश सब जूनियर टीम की कमान दीपिका पुत्री बबर राज को सौंपी गई है। दीपिका का कप्तान चुना जाना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। वहीं रूबी चौधरी को हिमाचल प्रदेश सब जूनियर रग्बी टीम की मैनेजर नियुक्त किया गया है, जो कोटडी व्यास की खेल प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
Also Read : सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में लचर परिवहन व्यवस्था: ओवरलोड बसें और बदहाल सड़कें बन रहीं बड़े हादसों की वजह
हिमाचल टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी भी कोटड़ी व्यास क्षेत्र से हैं, जिनमें श्वेता (पुत्री अनिल), प्रिया व्यास, रितिका (पुत्री रपिंदर व्यास), दिव्यांशी (पुत्री पवन, चदपुर) तथा पायल (निचली कोटड़ी) शामिल हैं। इन खिलाड़ियों का चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने इस उपलब्धि को कोटड़ी व्यास के लिए गर्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र अब खेलों का केंद्र बनकर उभर रहा है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने खिलाड़ियों के अभिभावकों की भी सराहना की, जिन्होंने बेटियों को खेल के लिए आवश्यक सुविधाएं और सहयोग प्रदान किया।
इस सफलता पर कोच धर्मेंद्र चौहान, अभिभावक पवन, अनिल, भुवनेश्वर, बबर राज, सुखविंदर और सुच्चा सिंह, युवा क्लब स्पोर्ट्स कोटड़ी व्यास, स्टाफ स्कूल कोटड़ी व्यास सहित क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई और खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कोटडी व्यास की ये बेटियां न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए तैयार हैं।
