परिवार का इकलौता सहारा था मृतक | नंदपुर सड़क हादसा
पंचायत प्रधान ने की आर्थिक सहायता की मांग
ऊना। जिला के अंब क्षेत्र में रविवार दोपहर को नंदपुर सड़क हादसा हो गया, जिसमें 50 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर अचानक एक आवारा पशु आ गया, जिससे बाइक सवार संतुलन खो बैठा और सीधी टक्कर हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके और उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नंदपुर गांव के निवासी विनोद कुमार पुत्र हरभजन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार गांव में बर्तनों की छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
Also Read : हरिपुरधार बस हादसे के बाद हिमाचल पुलिस मुख्यालय सख्त, नियम तोड़ने पर ड्राइवर-कंडक्टर पर FIR | Big Update
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोद कुमार दोपहर के समय बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए निकले थे, इसी दौरान नंदपुर के पास यह हादसा हो गया। अचानक सामने आए पशु के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। नंदपुर पंचायत के प्रधान श्रवण कुमार ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से था और घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाए।
यह भी देखें : VIDEO 👉 सिरमौर बस हादसे के बाद इस युवा ने बोलने की हिम्मत की है और शासन – प्रशासन को आईना दिखाया है। इस मुद्दे पर आपकी क्या राय है?
उधर, पुलिस ने मौके की सूचना मिलने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
