पांवटा साहिब में नशा तस्कर गिरफ्तार, 136 ग्राम अफीम बरामद
सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ND&PS Act के तहत मामला दर्ज
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। नववर्ष पर सिरमौर पुलिस ने नशा माफिया और सटोरियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जिले में कानून व्यवस्था का मजबूत संदेश दिया है। 01 जनवरी 2026 को की गई कार्रवाई के तहत सिरमौर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 08, जुआ अधिनियम के तहत 02 और ND&PS Act के अंतर्गत 01 अभियोग पंजीकृत किया है।
ND&PS Act के तहत की गई कार्रवाई में सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम, पांवटा साहब क्षेत्र में गश्त के दौरान वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पल्होड़ी के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में अफीम लेकर यमुनानगर से पल्होड़ी की ओर आ रहा है।
Also Read : नववर्ष पर सिरमौर पुलिस का Big Action: शराब माफिया व सट्टेबाजों पर शिकंजा, 10 मामले किए दर्ज
सूचना के आधार पर सिरमौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मुस्तकिम पुत्र महमूद, निवासी रहिमा कॉलोनी छछरोली, जिला यमुनानगर (हरियाणा) बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स से 136 ग्राम अफीम बरामद की गई।
बरामदगी के बाद सिरमौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है और आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया जा रहा है।
Also Read : हिमाचल प्रदेश खेल एवं युवा सेवा से जुड़े मामले, योजनाएं और अन्य विवरण!!
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि सिरमौर पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
