Table of Contents
वर्ष 2025 में सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नशा माफिया पर कसा शिकंजा
नाहन (सिरमौर)। वर्ष 2025 में सिरमौर पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड स्तर पर अभियोग दर्ज किए हैं। वर्ष 2024 की तुलना में सिरमौर पुलिस ने 90 प्रतिशत अधिक मामले दर्ज कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है।
Also Read : खैर की मार्किंग के बदले रिश्वत लेते वन बीट अधिकारी गिरफ्तार, गूगल पे से लिया था पैसा
आज नशा प्रदेश व देश की एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुका है, जो युवा पीढ़ी को अंधकार की ओर धकेल रहा है। इस चुनौती से निपटने के लिए सिरमौर पुलिस ने वर्ष 2025 में व्यापक रणनीति अपनाते हुए विशेष अभियान चलाए और विभिन्न क्षेत्रों में स्पैशल टीमें गठित कीं।
ND&PS Act के तहत मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
वर्ष 2024 में सिरमौर पुलिस ने ND&PS Act के तहत 103 अभियोग दर्ज कर 159 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 191 अभियोग तक पहुंच गई, जिनमें 279 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। यह आंकड़ा दर्शाता है कि सिरमौर पुलिस की कार्रवाई पहले से कहीं अधिक प्रभावी रही है।
भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी
वर्ष 2025 में सिरमौर पुलिस ने 78 मामलों में 1.065 किलोग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया। इसके अतिरिक्त 54 मामलों में 31.45 किलोग्राम चरस, 7.805 किलोग्राम गांजा और 1020 भांग के पौधे जब्त किए गए।
Also Read : बैंकिंग और बीमा से संबंधित सेवाओं की जानकारी।
25 अभियोगों में 2.303 किलोग्राम अफीम, 99.806 किलोग्राम भुक्की, 28.879 किलोग्राम डोडे और 1483 अफीम के पौधे बरामद हुए। वहीं 34 मामलों में 17,314 नशीले कैप्सूल, 3,778 नशीली गोलियां और 77 शीशियां सिरप भी सिरमौर पुलिस ने जब्त की हैं।
नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर प्रहार
नशा तस्करी से जुड़े मामलों में सिरमौर पुलिस ने 2,42,220 रुपये नकद और 92.09 ग्राम सोने के गहने भी जब्त किए। इसके अलावा छह अलग-अलग मामलों में वित्तीय जांच के तहत 4.43 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी व अवैध संपत्तियों को सीज और फ्रीज करने की मंजूरी प्राप्त की गई, जिससे ड्रग नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ी गई।
PIT ND&PS Act के तहत कड़ी कार्रवाई
बार-बार नशा तस्करी में लिप्त पाए गए आरोपियों के खिलाफ सिरमौर पुलिस ने PIT ND&PS Act, 1988 के तहत सख्त कदम उठाए। वर्ष 2025 में सात आरोपियों को तीन-तीन महीने के लिए निवारक हिरासत में जेल भेजा गया।
नशा जागरूकता अभियान भी रहा प्रभावी
नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सिरमौर पुलिस ने जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया। वर्ष 2025 में 207 नशा जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनमें स्कूलों और गांवों में जाकर लगभग 18,000 विद्यार्थियों व लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
आम जनता से सहयोग की अपील
सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा माफिया के लिए जिले में अपराध लाभदायक नहीं रहेगा। पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर एनएस नेगी ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करों से जुड़ी सूचनाएं अधिक से अधिक पुलिस को दें। सभी सूचनाएं पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएंगी।
