सिरमौर के छोटे से गांव की बेटी मेघा सिंह कंवर ने साकार किया सपना
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HPAS) परीक्षा परिणाम में जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र की बेटी मेघा सिंह कंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। जैसे ही हिमाचल प्रशासनिक सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, सिरमौर जिला सहित राजगढ़ और पझौता क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। मेघा सिंह कंवर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में गर्व और उत्साह का माहौल है।
HPAS परीक्षा में टॉप रैंक हासिल करने वाली मेघा सिंह कंवर हाटी समाज की प्रतिभाशाली बेटी हैं। उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। ग्रामीण और सीमांत क्षेत्र से निकलकर प्रदेश की प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में पहला स्थान प्राप्त करना मेघा सिंह कंवर की कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को दर्शाता है।
Also Read : शिक्षा विभाग का Big Decision: 779 हेड मास्टर व प्रवक्ता बने प्रिंसिपल, अधिसूचना जारी
मेघा सिंह कंवर जिला सिरमौर के राजगढ़ विकास खंड के पझौता क्षेत्र के खनियुड गांव की निवासी हैं। वे नरेन्द्र कंवर और अनिता कंवर की पुत्री हैं। उनका परिवार सामाजिक, शैक्षणिक और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण रहा है, जिसने उन्हें आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा दी। उल्लेखनीय है कि मेघा सिंह कंवर, हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे सुनील ठाकुर की भतीजी भी हैं।
एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर HPAS परीक्षा में टॉपर बनना मेघा सिंह कंवर की असाधारण प्रतिभा और निरंतर प्रयासों का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची लगन, समर्पण और मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
यह भी पढ़ें : बैंकिंग और बीमा से संबंधित सेवाओं की जानकारी।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी मेघा सिंह कंवर को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर मेघा सिंह कंवर ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे अपनी योग्यता और समर्पण से राज्य के विकास और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
मेघा सिंह कंवर की इस सफलता से सिरमौर जिला, हाटी समाज और विशेषकर बेटियों को नई प्रेरणा मिली है। उनका उज्ज्वल भविष्य प्रदेश के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
