कालाअंब क्षेत्र के 12 सरकारी स्कूलों में रीडिंग चैंपियन गतिविधि का आयोजन
नाहन (सिरमौर)। शिक्षा खंड सुरला के अंतर्गत आने वाले कालाअंब क्षेत्र के 12 सरकारी स्कूलों में फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (एफएलएन) और साइंस टेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग मैथमेटिक्स (एसटीईएम) कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित किए जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब स्थित ब्लू स्टार कंपनी एवं प्रथम इंफ़ोटेक फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से चल रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करना है।
इसी क्रम में दिसंबर माह के दौरान इन स्कूलों में रीडिंग चैंपियन गतिविधि का सफल आयोजन किया गया। रीडिंग चैंपियन गतिविधि का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि प्रत्येक छात्र के हाथ में पुस्तक हो और उनमें नियमित पठन की आदत विकसित हो सके। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न स्टोरी बुक्स उपलब्ध करवाई गईं और उन्हें रोचक कहानियाँ पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
Also Read : कालाअंब में आरएसएस का विशाल हिन्दू सम्मेलन, समाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन
रीडिंग चैंपियन गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में जिन छात्रों ने पुस्तकों में दी गई कहानियों को स्पष्ट उच्चारण, आत्मविश्वास और समझ के साथ पढ़ा, उन्हें विजेता घोषित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उद्योग प्रबंधन, प्रथम इंफ़ोटेक फाउंडेशन और संबंधित स्कूल प्रशासन की ओर से रीडिंग चैंपियन बैज एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Also Read : नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की कार्यप्रणाली, योजनाओं और अन्य गतिविधियां!!
प्रथम इंफ़ोटेक फाउंडेशन के कार्यक्रम समन्वयक राहुल ने बताया कि जिले में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ बच्चों में आत्मविश्वास और पढ़ने की रुचि विकसित करने के लिए इस प्रकार की गतिविधियाँ लगातार आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रीडिंग चैंपियन गतिविधि जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के साक्षरता स्तर को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इस पहल से न केवल बच्चों की पठन क्षमता में सुधार हो रहा है, बल्कि उनमें सीखने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित हो रहा है। स्थानीय स्तर पर रीडिंग चैंपियन गतिविधि को अभिभावकों और शिक्षकों से भी सराहना मिल रही है।
