गगरेट सरिया उद्योग में क्रेन हादसा: क्रेन गिरने से दो कामगारों की मौत
तीन गंभीर घायल
ऊना। औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में सोमवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक दुर्घटना सामने आई है। यहां एक सरिया उद्योग में क्रेन हादसे के समय सरिया उठाने वाली एक भारी क्रेन अचानक करीब 50 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गई। इस हादसे में दो कामगारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे गगरेट स्थित सरिया उद्योग में रोजमर्रा की तरह उत्पादन कार्य चल रहा था। इसी दौरान प्लांट में लगी क्रेन अचानक संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई। सरिया उद्योग में क्रेन हादसे में क्रेन ऑपरेटर समेत नीचे काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
Also Read : कालाअंब में नशा माफिया पर पुलिस का Big Action, SIU ने दो तस्करों को 281 कैप्सूलों सहित दबोचा
हादसे के तुरंत बाद उद्योग प्रबंधन ने घायलों को सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया। अस्पताल में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पराशर की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम ने उपचार शुरू किया। जांच के दौरान दो कामगारों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन की हालत गंभीर पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया, हालांकि उद्योग प्रबंधन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले कामगारों की पहचान शंभू (40) निवासी चंपारण, बिहार और मुन्ना कुमार (35) निवासी रोहतास, बिहार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रवि (23) निवासी देहरा (कांगड़ा), भाग सिंह (50) निवासी सरियाला, हाजीपुर (होशियारपुर) और बलजीत सिंह (30) निवासी बढेड़ा, हरोली जिला ऊना शामिल हैं।
Also Read : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं, नीतियों और सेवाओं के बारे में जानकारी यहां उपलब्ध है!
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हादसे के कारणों की गहन जांच के आदेश गगरेट पुलिस को दिए हैं। एसपी अमित यादव ने बताया कि उद्योग प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से जान जाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। गगरेट सरिया उद्योग में क्रेन हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्रियों में कामगारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
