कार सवार से पकड़ी 152 ग्राम चरस, आदतन अपराधी गिरफ्तार
सोलन : सोलन जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोलन पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना बागा पुलिस टीम ने शालूघाट क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार व्यक्ति से 152 ग्राम चरस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी नशे के मामलों में पहले भी संलिप्त रह चुका है और उसके खिलाफ कई आपराधिक केस दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बागा थाना पुलिस शालूघाट क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर से 152 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
Also Read : परवाणू में 3.5 ग्राम चिट्टे के साथ कसौली के दो युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार, निवासी गांव समतयाड़ी, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है, वहीं इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना बागा में नशा तस्करी का एक बड़ा मामला शामिल है, जिसमें आरोपी से करीब 3 किलो चूरापोस्त, 19.48 ग्राम अफीम और 53.60 ग्राम चरस बरामद की गई थी। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ बागा थाना और बिलासपुर जिले के बरमाणा थाना में मारपीट के दो अलग-अलग मामले भी दर्ज हैं।
फिलहाल सोलन पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लाया था और इसे आगे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
एसपी सोलन ने साफ शब्दों में कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।
