परवाणू में 3.5 ग्राम चिट्टे के साथ कसौली के दो युवक गिरफ्तार
नशा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई
सोलन: जिला सोलन में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में परवाणू पुलिस ने गश्त के दौरान तंबू मोड़ के पास दो युवकों को 3.5 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों युवक कसौली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परवाणू थाना की टीम जब तंबू मोड़ क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी, तो सड़क किनारे आग सेंक रहे दो युवक पुलिस वाहन को देखकर घबरा गए। युवकों की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके से भागने लगे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
Also Read : IGMC शिमला डॉक्टर मारपीट मामला: डॉक्टर राघव नरूला की टर्मिनेशन के खिलाफ पांवटा में बाजार बंद, रोष प्रदर्शन
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया। गिरफ्तार युवकों की पहचान तरुण शर्मा (27) और देव राज (29) निवासी गांव कैंथी, डाकखाना गाईघाट, तहसील कसौली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या नहीं।
एसपी ने कहा कि जिला सोलन में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। फिलहाल मामले में आगामी जांच जारी है।
