पहली से आठवीं कक्षा के 55,612 विद्यार्थियों को दिया जा रहा है पौष्टिक आहार – उपायुक्त
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला में पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान पहली से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले 55,612 विद्यार्थियों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत सरकारी तथा शिक्षा अनुदान प्राप्त 1,450 स्कूलों में लगभग 9 करोड़ 76 लाख रुपये की राशि व्यय कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और संतुलित पौष्टिक आहार दिया जा रहा है।
यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की संचालन एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि इस योजना को पहले मिड-डे-मील के नाम से जाना जाता था, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर कुपोषण से मुक्त करना है, साथ ही स्कूलों में नामांकन और उपस्थिति को बढ़ावा देना भी है।
Also Read : RRB ग्रुप D भर्ती 2026: 22,000+ पदों पर Big Recruitment, 10वीं पास करें आवेदन | CEN 09/2025
उपायुक्त ने कहा कि योजना के तहत बच्चों को तय मेन्यू के अनुसार ही पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। इसमें चावल, दाल, पुलाव, मौसम आधारित हरी सब्जियां, न्यूट्री और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर भोजन शामिल है, ताकि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक पोषण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाती है। इस दौरान बच्चों को आयरन फोलिक एसिड की गोलियां तथा कृमिनाशक दवाइयां भी दी जाती हैं, जिससे पौष्टिक आहार के साथ-साथ बच्चों का संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
Also Read : बैंकिंग और बीमा से संबंधित सेवाओं की जानकारी।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही शिक्षा विभाग और समिति के सदस्यों को स्कूलों का औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक आहार समय पर मिल सके।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्षा श्यामा पुंडीर, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर सहित समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
