रेणुका जी में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार
हथियार व फर्जी वर्दी बरामद
ददाहू (सिरमौर) : सोमवार को थाना श्री रेणुका जी के थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ गश्त एवं यातायात चेकिंग पर थे। शाम करीब 06:10 बजे पुलिस टीम संगड़ाह चौक के पास मौजूद थी। इसी दौरान माता श्री रेणुका जी मंदिर की ओर से हूटर बजाते हुए दो वाहन आते दिखाई दिए।
पहली गाड़ी बोलेरो नंबर HP28A-8771 तथा उसके पीछे इननोवा नंबर HP07E-0791 थी। दोनों वाहनों पर पुलिस का बोर्ड और हुटर लगे हुए थे। इननोवा गाड़ी की पिछली सीट पर एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में तीन-तीन स्टार लगाकर बैठा हुआ था।
Also Read : हिमाचल में Big प्रशासनिक फेरबदल, 3 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके अफसर होंगे Transfer
पुलिस द्वारा दोनों वाहनों को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों गाड़ियां तेज रफ्तार से बिना रुके संगड़ाह की ओर भाग गईं। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने तुरंत पीछा किया और पुलिस थाना संगड़ाह तथा पुलिस चौकी हरिपुरधार को सूचना देकर वाहनों को रोकने के निर्देश दिए।
सूचना के आधार पर हरिपुरधार में स्थानीय पुलिस ने दोनों गाड़ियों को डिटेन कर लिया। जांच के दौरान बोलेरो गाड़ी HP28A-8771 में ड्राइवर सहित चार व्यक्ति सवार पाए गए। ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम आमिर हुसैन पुत्र सादिक अली, निवासी गांव कुम्भरा, डाकघर देवथ, तहसील चौपाल, जिला शिमला बताया।
वहीं दूसरी गाड़ी इननोवा नंबर HP07E-0791 में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अजय पुत्र सत्यनारायण, निवासी गांव अलीपुर खालसा, डाकघर व तहसील घरोंडा, जिला करनाल (हरियाणा), उम्र 34 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक रिवॉल्वर नंबर F8459, सात जिंदा रौंद, तथा 315 बोर की राइफल नंबर 92AB-2506 मैगजीन सहित पांच जिंदा रौंद बरामद किए गए।
आरोपी अजय द्वारा हथियारों का लाइसेंस प्रस्तुत किया गया, जिसकी एरिया वैलिडिटी STATE/NA पाई गई, जो आर्म्स लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन है।
इसी इननोवा गाड़ी की पिछली सीट पर बैठा व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहने हुए था, जिसकी वर्दी पर HPP बैज और कंधों पर तीन-तीन स्टार लगे हुए थे। उसने अपना नाम उदय शर्मा पुत्र श्री हेम चंद, निवासी मकान नंबर 708/C, गोविंद नगर, बीटीसी नयागांव, जिला एसएएस नगर मोहाली (पंजाब) बताया।
पूछताछ के दौरान उदय शर्मा कभी खुद को विजिलेंस अधिकारी तो कभी CID अधिकारी बताता रहा, लेकिन अपनी तैनाती, पहचान पत्र और इस क्षेत्र में आने के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों उदय शर्मा व अजय के खिलाफ पुलिस थाना श्री रेणुका जी में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में फर्जी पुलिस बनकर घूमने, हथियार रखने और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन सहित विभिन्न धाराओं में अन्वेषण जारी है।
