संगड़ाह के मंडोली जंगल में नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में दहशत
हरियाली मेले से लापता युवक नरेश कुमार का होने की आशंका
संगड़ाह : उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह से लगभग दो किलोमीटर दूर 33 केवी विद्युत सबस्टेशन के पास स्थित मंडोली जंगल में एक नर कंकाल मिलने से संगड़ाह क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कंकाल 17 अगस्त को हरियाली मेला संगड़ाह से लापता हुए कड़ियाणा गांव निवासी 28 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र बालक राम का बताया जा रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक के भाई ने मोबाइल फोन, कपड़ों और जूतों के आधार पर कंकाल की पहचान नरेश कुमार के रूप में की है। नरेश कुमार ग्राम पंचायत भावण के कड़ियाणा गांव का निवासी था, जो 17 अगस्त को हरियाली मेले के दौरान संगड़ाह से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर 22 अगस्त को थाना संगड़ाह में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी।
Also Read : राजगढ़ में नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुकान से भुक्की और चरस बरामद
स्वास्थ्य अधिकारी संगड़ाह डॉ. वैभव ने बताया कि कंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और केवल हड्डियों का ढांचा ही शेष है। इसी कारण कंकाल को पोस्टमार्टम व जांच के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार डीएनए जांच के बाद ही कंकाल की आधिकारिक पहचान की पुष्टि की जा सकेगी, हालांकि परिजनों द्वारा प्राथमिक पहचान कर ली गई है।
विद्युत सबस्टेशन में तैनात एक कर्मचारी ने बताया कि जंगल में कंकाल नजर आने के बाद वह नरेश कुमार के भाई को साथ लेकर मौके पर गया और बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संगड़ाह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फिलहाल संगड़ाह पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
