नाहन विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन को मजबूत करने पर जोर
नाहन (सिरमौर)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विक्रमबाग और देवनी पंचायतों के विभिन्न बूथों में आयोजित बूथ स्तरीय बैठकों में भाग लिया। इन बैठकों का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना रहा।
बैठकों के दौरान डा. राजीव बिंदल ने बूथ स्तर पर संगठन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती की नींव बूथ स्तर से ही रखी जाती है और प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बूथ समितियों के गठन, सक्रियता और कार्यशैली पर मंथन किया गया।
Also Read : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की Big Announcement: 6 माह में चिट्टा तस्करों की संपत्तियां होंगी नष्ट
इसके साथ ही बैठकों में स्थानीय समस्याओं पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को पार्टी अध्यक्ष के समक्ष रखा। डा. बिंदल ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए उचित मंच पर आवाज उठाने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व जब डा. राजीव बिंदल पंचायतों में पहुंचे तो ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह फूल मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़ें : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं, नीतियों और सेवाओं के बारे में जानकारी यहां उपलब्ध है!
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा नाहन विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस दौरे से नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
