मुख्यमंत्री सुक्खू बोले— छह माह में चिट्टा तस्करों की संपत्तियां होंगी पूरी तरह नष्ट
कांगड़ा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और आगामी छह महीनों में चिट्टा तस्करों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू शुक्रवार को कांगड़ा जिला के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इंदौरा उत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को समाप्त करने के निर्णय की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीब और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार का सबसे बड़ा सहारा रही है। कोरोना जैसी कठिन परिस्थितियों में भी इस योजना ने जरूरतमंदों को संबल दिया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मनरेगा को समाप्त करना गरीबों के हितों पर सीधा हमला है और प्रदेश सरकार इसका पुरजोर विरोध करेगी।
Also Read : कालाअंब में नशे के खिलाफ Big Action, मेडिकल स्टोर संचालक 72 नशीले कैप्सूलों सहित गिरफ्तार
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चिट्टा मुक्त हिमाचल थीम पर आधारित आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि राज्य चयन आयोग के माध्यम से जल्द ही हजारों पदों पर भर्तियां की जाएंगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान चलाया जा रहा है, जो अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्तियों पर सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है और अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दोहराया कि आगामी छह माह में चिट्टा तस्करों की चिट्टे से अर्जित संपत्तियों को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय नशा गिरोहों की रीढ़ तोड़ने में सरकार सफल रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आम जनता से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर दें। सूचना देने वालों को 10 हजार रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा।
