गुप्त सूचना पर कार्रवाई, वाहन से नशीली शीशियां व 72 कैप्सूल बरामद
आरोपी तीन दिन की पुलिस हिरासत में
नाहन (सिरमौर)। कालाअंब में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसआईयू नाहन जिला सिरमौर की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को नशीली दवाइयों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि कुमार पुत्र शेर सिंह, निवासी ऑफिसर कॉलोनी कालाअंब, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा), मोगीनंद और कालाअंब क्षेत्र में नशीले कैप्सूल व अन्य नशीली दवाइयों की अवैध सप्लाई में संलिप्त है।
Also Read : SSC GD Constable भर्ती 2026: 10वीं पास के लिए 25,487 पद, आवेदन 1 दिसंबर से
सूचना के अनुसार आरोपी अपनी गाड़ी ग्रैंड विटारा (नंबर HR-04L-6828) में मोगीनंद से कालाअंब की ओर नशीली दवाइयां ले जा रहा था।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर रोककर वाहन की तलाशी ली, जिसमें दो नशीली शीशियां और तीन स्ट्रिप्स में कुल 72 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोगीनंद क्षेत्र में किराये के लाइसेंस पर एक मेडिकल स्टोर संचालित कर रहा है।
लिहाजा, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कालाअंब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच जारी है।
