कालाअंब: उद्योग ने मोगीनंद स्कूल के 523 विद्यार्थियों को बांटे गर्म स्वेटर
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में स्थित एक प्लाईवुड व सनमाईका निर्माण उद्योग ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद के जरूरतमंद विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म स्वेटर भेंट किए। इस मानवीय पहल के तहत उद्योग प्रबंधन द्वारा कुल 523 स्वेटर उपलब्ध कराए गए, जिन्हें कक्षा छठी से बारहवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों में वितरित किया गया।
Also Read : मनीषा हैंडबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित, चितौड़गढ़ में करेगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व
विद्यालय की प्रधानाचार्य शिभा खन्ना ने बताया कि कालाअंब क्षेत्र में आगामी दो महीनों के दौरान कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना रहती है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सहयोग अत्यंत लाभकारी साबित होगा। स्वेटर मिलने से विद्यार्थियों को ठंड से राहत मिलेगी और उनकी पढ़ाई भी नियमित रूप से जारी रह सकेगी।
Also Read : उच्च शिक्षा से संबंधित जानकारी और अन्य संसाधनों का पूर्ण विवरण!
प्रधानाचार्य ने इस नेक पहल के लिए कालाअंब स्थित उद्योग प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक सहयोग से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है। साथ ही समाज और उद्योग के बीच आपसी सहयोग व विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी कालाअंब क्षेत्र के उद्योग इस प्रकार की जनहितकारी गतिविधियों में आगे आएंगे, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर सहायता मिलती रहे।
