नाहन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कांग्रेस सरकार पर आरोप
महिलाओं को 1500 रुपये की गारंटी अब तक अधूरी
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश की कांग्रेस सरकार झूठ के नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और यह झूठ अब केवल हिमाचल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश के बाहर भी परोसा जा रहा है। यह आरोप भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने वीरवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान लगाए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मंडी में सरकारी खर्चे पर भीड़ इकट्ठी कर राजनीतिक जमावड़ा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दावा किया कि सरकार ने सात गारंटियां पूरी कर दी हैं। इन गारंटियों में महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देने की गारंटी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं को पहली कैबिनेट से ही यह राशि मिलनी थी, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी महिलाओं को एक पैसा तक नहीं मिला।
Also Read : Himachal: सीबीएसई स्कूलों में 5 साल के लिए अस्थायी शिक्षक भर्ती, शिक्षा विभाग ने शुरू की तैयारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यही झूठ दिल्ली में कांग्रेस की रैली में भी दोहराया गया, जहां यह बताया गया कि हिमाचल में 10 में से 7 गारंटियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता, युवा वर्ग, किसान, बागवान और महिलाएं भली-भांति जानती हैं कि उन्हें कांग्रेस सरकार से अब तक क्या सुविधाएं मिली हैं और कौन से वादे अधूरे पड़े हैं।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार और इसके नेता लगातार जनता को बरगलाने और भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। झूठे दावों के जरिए प्रदेश की जनता को धोखा दिया जा रहा है, जिसे आने वाले समय में जनता स्वयं जवाब देगी।
