यशवंत नगर नाके पर पिकअप से बिना परमिट बिरोजा बरामद
दो आरोपी गिरफ्तार
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ पुलिस की टीम थाना प्रभारी के नेतृत्व में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस चौकी यशवंत नगर के बाहर रात्री नाकाबंदी ड्यूटी के दौरान आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी बीच सनौरा की ओर से एक पिकअप वाहन नाके से कुछ दूरी पर संदिग्ध अवस्था में रुक गया, जिससे पुलिस को शक हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप का नंबर HP16A-4491 नोट किया। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम अनिल पुत्र जिया लाल, निवासी गांव बराड़, डा. रडुघाटी, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर बताया, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम जतिन पुत्र कल्याण सिंह, निवासी गांव शिलांजी, डा. रडुघाटी, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर बताया। वाहन में लदे सामान के बारे में पूछने पर दोनों घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
Also Read : 21 दिसंबर को सिरमौर में 56,531 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 534 बूथ होंगे स्थापित
इसके बाद राजगढ़ पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें बिरोजा के टीन लोड पाए गए। गिनती करने पर कुल 161 टीन बिरोजा बरामद किए गए। चालक से बिरोजा के परिवहन से संबंधित पास और परमिट मांगे गए, लेकिन वह मौके पर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
लिहाजा, मामले में वाहन चालक अनिल और उसके साथी जतिन के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा सेक्शन 41 व 42 इंडियन फॉरेस्ट एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। राजगढ़ पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है। एसपी सिरमौर ने मामले की पुष्टि की है।
