70 साल से अधिक उम्र के पेंशनरों को 40 दिन में मिलेगा पूरा एरियर
बिलासपुर में सीएम सुक्खू की बड़ी घोषणा
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। सीएम सुक्खू ने कहा कि ऐसे पेंशनरों का पूरा बकाया एरियर अगले 40 दिनों के भीतर जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा बिलासपुर जिले के घुमारवीं में आयोजित राज्य स्तरीय पेंशनर्स दिवस कार्यक्रम के दौरान की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सुक्खू ने बताया कि पेंशनरों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन से चार महीनों के भीतर पेंशनरों के प्रतिनिधियों के साथ सरकार औपचारिक बैठक करेगी। साथ ही 1 जनवरी 2016 से लंबित एरियर के मुद्दे पर बजट से पहले गंभीरता से विचार किया जाएगा।
Also Read : टीजीटी आर्ट्स परीक्षा 12 से 16 जनवरी तक, एक हफ्ते पहले जारी होंगे एडमिट कार्ड | Big Update
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेंशनरों से संवाद के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि वर्ष 2027 तक पेंशनरों का पूरा एरियर जारी कर दिया जाए, जबकि 2026-27 में भी कुछ राशि जारी करने की योजना है। इसके साथ ही संशोधित ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भुगतान भी किया जाएगा।
इस अवसर पर सीएम सुक्खू ने अपने व्यक्तिगत जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं एक कर्मचारी के बेटे हैं। उनके पिता हिमाचल पथ परिवहन निगम में चालक थे और आज उनकी माता पेंशन प्राप्त कर रही हैं। इसी कारण वे पेंशनरों की जरूरतों और उनके दर्द को अच्छी तरह समझते हैं।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभाली, तब प्रदेश पर 76 हजार करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों की भारी देनदारियां थीं। इसके बावजूद सरकार ने हर वर्ग के हित में फैसले लिए। सीएम सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों से प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सरकार वर्ष 2032 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाएगी।
