कालाअंब में परिवहन विभाग यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को कर रहा जागरूक
फ़रवरी माह से अब तक हुए 8032 चालान
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब औद्योगिक नगर में यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। परिवहन विभाग न केवल नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई कर रहा है, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।
विभाग के अनुसार, इस वर्ष फरवरी माह से अब तक यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 8032 चालान किए जा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाई और जागरूकता अभियानों का असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। क्षेत्र में वाहन चालक पहले की तुलना में यातायात नियमों का अधिक पालन करते दिखाई दे रहे हैं।
कालाअंब में इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम तेज रफ्तार, गलत पार्किंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने सहित अन्य उल्लंघनों को स्वतः रिकॉर्ड कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अब नशा करने वालों पर ND&PS एक्ट में तीन मामले दर्ज
परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिनमें वाहन चालकों को यातायात नियम, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व की जानकारी दी जा रही है। इन अभियानों का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है।
परिवहन विभाग कालाअंब के एआरटीओ राकेश वर्मा ने बताया कि निरंतर अभियान के चलते पिछले तीन माह में चालानों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह दर्शाता है कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। भविष्य में भी कालाअंब में यातायात नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
