नशा करने वालों पर सख्त हुई सिरमौर पुलिस
ND&PS एक्ट में तीन मामले दर्ज
नाहन (सिरमौर)। जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत सिरमौर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नशा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। इस क्रम में दिनांक 12 दिसंबर 2025 को नशे की लत में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ ND&PS एक्ट के अंतर्गत तीन अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में कुल चार व्यक्तियों को नशा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
सिरमौर पुलिस द्वारा जिले भर में नशा निवारण एवं जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। स्कूलों, पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संभावित क्षेत्रों में नशा विरोधी शिविर लगाए जा रहे हैं। सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधि और पुलिस विभाग मिलकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति बार-बार जागरूक कर रहे हैं। इसके साथ ही नशे की लत से ग्रस्त लोगों के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर भी खोले गए हैं।
Also Read : कालाअंब के रामपुर जट्टान में कपड़े सुखाने को लेकर मारपीट | fight broke out in Rampur Jattan, case registered
इसके बावजूद कुछ लोग न केवल नशा कर रहे हैं, बल्कि इसके अवैध व्यापार में भी संलिप्त पाए जा रहे हैं। ऐसे में अब सिरमौर पुलिस ने नशा करने वालों पर भी कानून के तहत नकेल कसनी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला संस्कृत कॉलेज नाहन के नीचे रास्ते पर सामने आया, जहां बीड़ी में चरस मिलाकर नशा करते हुए दो युवकों को पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान आयुष, निवासी गांव डिमाइना, डाकघर हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह तथा आर्यन, निवासी गांव पंजाह, डाकघर बड़ौल, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
दूसरे मामले में सैय्यद पीर जलालुदीन मजार, बाल्मीकि बस्ती नाहन के ऊपर झाड़ियों में गौतम, निवासी बाल्मीकि बस्ती नाहन को हेरोइन/चिट्टा का नशा करते हुए पकड़ा गया। वहीं तीसरे मामले में नाहन के बिल्ली वाला मोड़ के समीप बवेजा पेट्रोल पंप से आती पगडंडी पर एकांत स्थान में निखिल नेगी, निवासी गांव मानल, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई को भी हेरोइन/चिट्टा का नशा करते हुए गिरफ्तार किया गया।
इन तीनों मामलों में सिरमौर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ ND&PS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों को बार-बार समझाने के बावजूद वे नशा छोड़ने को तैयार नहीं हैं, उनके विरुद्ध सख्त अभियान जारी रहेगा।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नशा माफिया और नशे की लत से दूर रहें, अन्यथा पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने दोहराया कि सिरमौर पुलिस जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
