कालाअंब में शुरू हुई प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई
ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मंगलवार को नवनिर्मित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का विधिवत उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में तहसीलदार नाहन उपेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी अंजली गर्ग और परियोजना अधिकारी द्विज गोयल सहित स्थानीय गणमान्य लोग भी शामिल हुए।
ग्राम पंचायत कालाअंब के कार्यालय परिसर में तैयार हुई यह इकाई प्रशासन और ग्राम पंचायत की साझेदारी से स्थापित की गई है। इसके निर्माण पर प्रदेश सरकार ने 16 लाख रुपये का बजट उपलब्ध कराया है। इकाई के रख-रखाव व संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत के पास रहेगी।
ये भी पढ़ें -: मेडिकल कॉलेज चंबा में रैगिंग को लेकर Big खुलासा, 01 साल से हो रही थी ज्यादती!
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि इस संयंत्र के शुरू होने से क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक अपशिष्ट को खुले में न फेंकें, बल्कि इसे निर्धारित स्थान पर पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है, इसलिए हर नागरिक को पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए।
इस दौरान विधायक ने जनता की शिकायतें भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्राम पंचायत प्रधान रेखा चौधरी सहित जल शक्ति विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नई इकाई से न केवल प्लास्टिक अपशिष्ट के निस्तारण में सुधार होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें -: हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जानकारी और सेवाओं के लिए
क्षेत्र में स्थापित यह नई सुविधा आने वाले समय में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
