डढेई में भीषण आग लगने से दो मकान और देवता का भंडार राख
सवा करोड़ से अधिक की संपत्ति जली
कुल्लू। पार्वती घाटी की पंचायत पुंथल के गांव डढेई में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। इस आग में दो आवासीय मकान और देवता अठारह पेड़े का काष्ठकुणी शैली का चार मंजिला भंडार पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये की संपत्ति इस आग में नष्ट हो गई। गांव में सड़क सुविधा न होने के कारण दमकल को मौके तक पहुंचने में भारी दिक्कतें पेश आईं। ग्रामीणों की मदद से करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
ये भी पढ़ें -: रग्बी विजेताओं का कोटडी व्यास में जोरदार स्वागत, खेलो इंडिया अस्मिता लीग में शानदार प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब सवा एक बजे श्याम सुंदर के मकान से अचानक आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते पूरा ढाई मंजिला मकान इसकी चपेट में आ गया। इसके बाद पास स्थित प्यारे लाल का ढाई मंजिला मकान भी आग की जद में आ गया। बताया जा रहा है कि प्यारे लाल के मकान में 12 कमरे और दो हॉल थे, जिनमें रखा सारा सामान राख हो गया। श्याम सुंदर के 18 कमरों वाले मकान में भी राशन, बिस्तरे और आवश्यक सामग्री जल गई। इसी दौरान एक घरेलू गैस सिलिंडर भी फट गया, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
ये भी पढ़ें -: हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जानकारी और सेवाओं के लिए
वहीं देवता अठारह पेड़े का ऐतिहासिक काष्ठकुणी शैली का भंडार, लंगर स्थल और पूजा सामग्री भी राख हो गई। खेख राम के मकान को भी नुकसान पहुंचा है। गांव तक पैदल ही तीन किलोमीटर की चढ़ाई कर पहुंचा जा सकता है, ऐसे में दमकल विभाग को भी स्थल तक पहुंचने में समय लगा।
दमकल चौकी प्रभारी जरी टिकम राम ने बताया कि घटना में दो मकान, देवता का भंडार और लंगर सराय पूरी तरह जल गए हैं। नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेज दी गई है। वार्ड पंच मीना देवी ने बताया कि यह आग गांव के लिए बड़ी क्षति है और प्रभावित परिवारों को प्रशासनिक राहत की आवश्यकता है। अधिकारियों से मांग की गई है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता प्रदान की जाए।
