Table of Contents
पांवटा साहिब पुलिस की दो अलग-अलग कार्रवाइयों में नशीली दवाइयों व चिट्टे की खेप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नशीली दवाइयों और चिट्टा के खिलाफ सिरमौर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने गश्त व गुप्त सूचना के आधार पर दो महत्वपूर्ण मामलों में सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान बरामद नशीला पदार्थ ND&PS Act के तहत जब्त किया गया है।
पहला मामला : टूल बॉक्स में छिपाकर ले जा रहा था नशीली दवाइयां
तारुवाला बॉय स्कूल के पास गश्त कर रही पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि
मुस्तकिम पुत्र बून्दू खान, निवासी भगवानपुर (तहसील पांवटा साहिब) अपनी मोटरसाइकिल HP17C-9295 के टूल बॉक्स में नशीली दवाइयां लेकर शिवा कॉलोनी की ओर जा रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने मौके पर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान टूल किट में छिपाई गई Clonazepam की 10 स्ट्रिप, प्रत्येक में 10 गोलियां—कुल 100 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
Also Read -: एलप्स कम्युनिकेशन ने नाहन स्कूल को दिए तीन आधुनिक कंप्यूटर, छात्रों की तकनीकी शिक्षा को मिला संबल
मामले में पुलिस ने ND&PS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी मुस्तकिम को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने माननीय अदालत से उसका पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली गोलियां कहां से लाई गईं और इन्हें किसे बेचा जाना था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
दूसरा मामला : जैकेट में छिपाकर ले जा रहा था चिट्टा
दूसरे मामले में पुलिस टीम सतीवाला रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि
मलखान शाह पुत्र जम्बील शाह, निवासी जगतपुर, अपनी जैकेट की जेब में चिट्टा छिपाकर बहराल की ओर जा रहा है।
पुलिस ने सतर्कता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। तलाशी में उसकी जैकेट से 4.56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पिंक रंग के पाउडर रूप में बरामद की गई।
ये भी पढ़ें -: हिमाचल प्रदेश पुलिस की समस्त जानकारी यहां उपलब्ध है!
मामले में पुलिस ने ND&PS Act के तहत अभियोग दर्ज किया है। आरोपी को नोटिस पर पाबंद कर अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की अन्वेषण प्रक्रिया जारी है।
सिरमौर पुलिस की कार्रवाई जारी
दोनों मामलों की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने की है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब क्षेत्र में नशीली दवाइयों और चिट्टा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
