Table of Contents
कालाअंब में नए थाना प्रभारी ने संभाला कार्यभार
नशा तस्करी और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई का भरोसा
औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण पर फोकस
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में नए थाना प्रभारी के रूप में बलवंत सिंह कंवर ने कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही थाना प्रभारी ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय उद्योग संगठनों और लोगों से संवाद शुरू किया। इसी क्रम में लघु उद्योग भारती फार्मा विंग के अध्यक्ष संजय सिंगला ने उनसे शिष्टाचार भेंट की और उनका स्वागत किया।
मुलाक़ात के दौरान औद्योगिक क्षेत्र की कई समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सबसे अहम मुद्दा यातायात जाम का रहा, जिससे रोजाना कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उद्योग प्रतिनिधियों ने बताया कि भारी वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति गंभीर होती जा रही है। इसके अलावा चोरी की घटनाओं, अवैध गतिविधियों और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी थाना प्रभारी के साथ गंभीरता से बात हुई।
यह भी पढ़ें : पांवटा साहिब हमला: देवीनगर फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल व जिंदा राउंड बरामद
उद्योग प्रतिनिधि ने पुलिस-प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय बनाने की जरूरत पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित हो सके।
नवनियुक्त थाना प्रभारी बलवंत सिंह कंवर ने भरोसा दिलाया कि औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी, अवैध खनन और अन्य अपराधों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध फैलाने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
