विधायक विनय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष घोषित होते ही नाहन में जश्न का माहौल
कांग्रेस भवन के बाहर कार्यकर्ताओं ने फोड़े पटाखे, बांटी हजारों की मिठाइयाँ
नाहन (सिरमौर)। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। रविवार को मुख्यालय नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पटाखों और मिठाइयों के साथ इस ऐतिहासिक निर्णय का जोरदार स्वागत किया।
नाहन स्थित कांग्रेस भवन के समीप महलात चौक दोपहर को उत्सव स्थल में बदल गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा समूह यहाँ एकत्रित हुआ और एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं। नाहन के विधायक अजय सोलंकी, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शिवि चौहान, रेणुका मंडल के अध्यक्ष तपेंद्र चौहान और युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ओपी ठाकुर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को लड्डू बांटकर मुंह मीठा करवाया।
यह भी पढ़ें : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की योजनाओं और गतिविधियों की नीतियों और स्वास्थ्य संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी!
कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद”, “सुक्खू भाई जिंदाबाद” और “विनय कुमार जिंदाबाद” के नारे लगाकर माहौल को पूरे दिन रोमांचित बनाए रखा। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि विनय कुमार का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चयन संगठन को नई ऊर्जा, सशक्त नेतृत्व और जमीनी स्तर पर मजबूती देगा।
कई नेताओं ने यह भी कहा कि विनय कुमार की सरल और विकासशील कार्यशैली से प्रदेश कांग्रेस को नई दिशा मिलेगी और आगामी चुनावों में इससे सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
जिले के अन्य क्षेत्रों—पांवटा साहिब, रेणुका, संगड़ाह और शिलाई—में भी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और मिठाइयाँ बांटकर खुशी जाहिर की। स्थानीय बाजारों में भी चर्चा का प्रमुख विषय विनय कुमार की नियुक्ति ही बनी रही। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद सिरमौर को मिला यह बड़ा दायित्व पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है।
