कालाअंब–मोगीनंद एनएच-07 की मरम्मत का कार्य शुरू
69 लाख की लागत से सुधारी जा रही खस्ताहाल सड़क
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब–मोगीनंद एनएच-07 की मरम्मत का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। लंबे समय से बदहाल पड़ी कालाअंब–पांवटा साहिब राष्ट्रीय उच्च मार्ग-07 की स्थिति को देखते हुए विभाग ने लगभग 4 किलोमीटर सड़क पर पैचवर्क शुरू किया है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही थी। मोगीनंद से कालाअंब तक कुछ मिनटों का सफर आधे घंटे में तय हो रहा था, लेकिन अब कालाअंब से मोगीनंद तक एनएच-07 की मरम्मत शुरू होने से लोगों में राहत है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने दोसड़का से कालाअंब तक एनएच-07 की मरम्मत के लिए 69 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। स्थानीय लोगों नरेश कुमार, सुभाष, मोहित, दिनेश, संजय, नरेंद्र, अश्वनी और लाल चंद ने बताया कि सड़क खराब होने से वाहनों को नुकसान और दैनिक यातायात प्रभावित हो रहा था। पैचवर्क शुरू होने के बाद लोगों ने विभाग का धन्यवाद किया है।
एनएच विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा ने कहा कि कालाअंब टोल बैरियर तक एनएच-07 की मरम्मत तेजी से चल रही है। जहां सड़क सबसे अधिक क्षतिग्रस्त है, वहां प्राथमिकता से सुधार किया जा रहा है। जल्द ही पूरा पैचवर्क पूरा कर सड़क को सुगम बनाया जाएगा।
