पांवटा साहिब में सड़क दुर्घटना: स्कूल बस और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पुलिस थाना माजरा के तहत बेहड़ेवाला गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। यह सड़क दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान कपिल सिंह (24) पुत्र इंद्र सिंह, निवासी गांव गुदी मानपुर, तहसील कमरऊ, शिलाई के रूप में हुई है। युवक बीते कुछ समय से सीसीआई कॉलोनी राजबन में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार स्कूल बस पांवटा साहिब की ओर से धौलाकुआं की तरफ जा रही थी, जबकि बाइक चालक धौलाकुआं से पांवटा की ओर आ रहा था। बेहड़ेवाला के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस का फ्रंट शीशा भी टूट गया।
ये भी पढ़ें : Himachal Big Drug Alert: 66 Medicines Fail In Quality Test, Stock Recalled
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को दुख और चिंता में डाल दिया है।
ये भी पढ़ें : हिमाचल शहरी विकास परियोजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी
पुलिस थाना माजरा के थाना प्रभारी जगतराम ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने सड़क दुर्घटना का केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस इस सड़क दुर्घटना की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर टक्कर की वास्तविक वजह क्या थी।
