Table of Contents
त्रिलोकपुर रोड पर जाम नालियां साफ
गंदे पानी की समस्या से मिली राहत
स्थानीय लोगों ने विभाग का जताया आभार
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में त्रिलोकपुर रोड के किनारे लंबे समय से जाम पड़ी नालियों की समस्या आखिरकार हल हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने त्रिलोकपुर रोड पर अवरुद्ध नालियों की सफाई करवाकर सड़क पर बह रहे गंदे पानी की परेशानी से लोगों को राहत दिलाई है। काफी समय से त्रिलोकपुर रोड पर जमी गंदगी और पानी के कारण स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
नालियों के जाम होने से गंदा पानी सड़क पर फैल रहा था, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।
ये भी पढ़ें : अब सस्ता राशन 6 लाख से अधिक आय वालों को नहीं मिलेगा, Big Update
लगातार शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए त्रिलोकपुर रोड की नालियों को पूरी तरह साफ करवाया। स्थानीय निवासी डॉ. अजय वर्मा, गोपाल, रिंकू, सोहन, अरुण और मोहित ने बताया कि नालियां लंबे अरसे से बंद पड़ी थीं, जिसके कारण त्रिलोकपुर रोड पर पानी जमा रहता था और सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही थी। लोगों ने कहा कि सफाई कार्य पूरा होने से अब सड़क पर चलना आसान हो गया है और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।
Also Read : राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाएं एवं परियोजनाएं
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आलोक जनवेजा ने बताया कि त्रिलोकपुर रोड पर पानी निकासी की नालियों को पूरी तरह साफ कर दिया गया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता और दुकानदारों से अपील की है कि वे कूड़ा-कचरा नालियों में न डालें, ताकि दोबारा ऐसी समस्या पैदा न हो। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि त्रिलोकपुर रोड पर पैचवर्क भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा, जिससे मार्ग पूरी तरह दुरुस्त होकर यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
