दुबई एयर शो में तेजस फाइटर जेट क्रैश, हिमाचल के पायलट नमन स्याल शहीद
दिल्ली/कांगड़ा: दुबई एयर शो में शुक्रवार को एक दुखद हादसा सामने आया, जब भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट उड़ान प्रदर्शन के दौरान क्रैश हो गया। स्थानीय समय अनुसार दोपहर 2:10 बजे तेजस एमके-1 विमान डेमो फ्लाइट कर रहा था, तभी अचानक यह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा और गिरते ही जोरदार धमाके के साथ आग की लपटों में घिर गया। इस हादसे में विमान के पायलट नमन स्याल का निधन हो गया, जिन्हें वायुसेना के कुशल और बहादुर पायलटों में गिना जाता था।
हादसे की पुष्टि करते हुए भारतीय वायुसेना ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बताया गया कि नमन स्याल हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी तैनाती कोयंबटूर में थी और वह पिछले छह दिनों से दुबई एयर शो में हिस्सा ले रहे थे। तेजस फाइटर जेट के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से देश ने एक और वीर सपूत खो दिया है।
Also Read : मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम)
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी इस हृदयविदारक घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस विमान हादसे में प्रदेश के वीर पुत्र नमन स्याल का बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
ये भी पढ़ें : गर्भवती महिलाओं को सही पोषण की जानकारी दें विभाग: उपायुक्त प्रियंका वर्मा
नगरोटा बगवां की पंचायत सेराथाना के वार्ड नंबर सात निवासी नमन स्याल 37 वर्ष के थे। उनके पिता का नाम जगन्नाथ है और उनकी पत्नी भी वायुसेना में सेवाएं दे रही हैं। जैसे ही नमन स्याल के शहीद होने की खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने उन्हें राष्ट्र का सच्चा हीरो बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
