गर्भवती महिला को सही पोषण की जानकारी उपलब्ध करवाए विभाग: उपायुक्त प्रियंका वर्मा
नाहन (सिरमौर), 21 नवंबर। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि स्वस्थ शिशु जन्म के लिए गर्भवती महिला को सही पोषण की जानकारी उपलब्ध करवाना अत्यंत आवश्यक है। इससे जन्म के समय कम वजन वाले बच्चों (लो बर्थ वेट) के मामलों को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ हर पात्र गर्भवती महिला व जरूरतमंद तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय मजबूत करें।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आज महिला एवं बाल विकास की जिला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति, पोषण तथा अभिसरण समिति और मिशन शक्ति अम्ब्रेला योजना अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न समितियों के गठन, नियमित बैठकें आयोजित करने और शी-बाक्स पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के निर्देश जारी किए गए।
ये भी पढ़ें : हिमाचल शहरी विकास परियोजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी
बैठक में बताया गया कि जिले के 6 खंडों में 1486 आंगनबाड़ी केंद्र क्रियाशील हैं। विशेष पोषाहार एवं पूरक पोषाहार कार्यक्रम के तहत 30 सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही तक 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 18,427 बच्चे, 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 9,757 बच्चे और 6,341 गर्भवती एवं धात्री महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। शाला पूर्व शिक्षा के अंतर्गत 10,700 बच्चों का पंजीकरण किया गया है।
इसी दौरान बताया गया कि जिला सिरमौर के 5 आंगनबाड़ी केंद्र— तालो (नाहन), काली मिट्टी (संगड़ाह), ज्वालापुर-2 (पांवटा साहिब), दुगाना-3 तथा हेवनाबिडपा—मॉडर्न आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में कार्यरत हैं।
ये भी पढ़ें : कैंपस इंटरव्यू: 24 से 26 नवंबर तक नाहन, संगड़ाह व सराहां में बेरोजगारों के लिए Big Opportunity
पोषण अभियान के तहत सितंबर माह में विभिन्न विभागों के सहयोग से जागरूकता, महिला एवं बाल स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से 2 जिला स्तरीय, 7 परियोजना स्तरीय, 63 वृत्त स्तरीय तथा 6,170 आंगनबाड़ी केंद्र स्तरीय शिविर व गतिविधियां आयोजित की गईं जिन पर 1,51,020 रुपये खर्च किए गए।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक 944 महिलाओं को 56 लाख 64 हजार रुपये की राशि लाभ स्वरूप जारी की गई है। बैठक में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, विधवा पुनर्विवाह तथा सुख शिक्षा योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने बैठक का संचालन करते हुए आज लिए गए सभी निर्णयों को विभागीय स्तर पर समयबद्ध तरीके से लागू करने का आश्वासन दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी द्विज गोयल, उप पुलिस अधीक्षक रमाकांत ठाकुर, जिला आयुष अधिकारी डॉ. इन्दु शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
