रेणुका मेले के तीसरे दिन रविवार को शुद्ध घी के दीयों से जगमगाई माँ रेणुका झील, महाआरती में उमड़ा जनसागर
नाहन (सिरमौर)। अंतर्राष्ट्रीय रेणुका मेले के तीसरे दिन भी ऐतिहासिक रेणुका झील में शुद्ध घी के सैकड़ों दीयों से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। रेणुका मेले में महाआरती के दौरान पूरा रेणुकाजी तीर्थ भक्ति रस में डूब गया और माँ रेणुका का आंचल दीपों की चमक से जगमगा उठा।
रेणुका मेले की इस महाआरती का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मां रेणुका की आरती में भाग लेकर किया। उन्होंने मां रेणुका और भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
रविवार शाम झील के दोनों ओर सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भी मिट्टी के दिये जलाकर झील में प्रवाहित किए। लगभग 500 दीयों की झील में बनी श्रृंखला ने एक अद्भुत आध्यात्मिक नज़ारा पेश किया, जिसे देखने हजारों लोग रेणुका मेले में पहुंचे।
पहली बार रेणुका मेले में विद्वान पंडितों व संत महात्माओं के मंत्रोच्चारण के साथ इस महाआरती का आयोजन हो रहा है, जो मेले के अंतिम दिन 5 नवंबर तक प्रतिदिन संपन्न होगी।
इससे पूर्व ददाहू पहुंचने पर युवा व्यापारियों ने उप मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
Also Read : मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम)
इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेन्द्र चौहान, सीईओ भरत सिंह ठाकुर, मित्र सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी, नेता और हजारों श्रद्धालु रेणुका मेले की महाआरती के साक्षी बने।
