Kangra News: छेक पंचायत के उपप्रधान की हत्या, सड़क किनारे मिला शव; सिर पर गहरे जख्म
Kangra News (कांगड़ा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। छेक पंचायत के उपप्रधान रवि राणा (40) की निर्मम हत्या कर दी गई। उनका शव सड़क किनारे बरामद हुआ, जिसके सिर पर गहरे जख्म पाए गए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात रवि राणा चढ़ियार क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर शराब पी रहे थे। इसके बाद वह घर लौटने निकले। रात करीब 12 बजे गांव का एक युवक अपनी गाड़ी से गुजर रहा था, तो उसने सड़क किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा। जब उसने रवि राणा को कॉल किया, तो घंटी उसी शव के पास रखे फोन से बजी। इससे मृतक की पहचान छेक पंचायत के उपप्रधान रवि राणा के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी यादेश ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक कांगड़ा, डीएसपी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने गांव के चार से पांच लोगों से पूछताछ भी की है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी ने रवि राणा की हत्या कर शव को घर से कुछ दूरी पर फेंक दिया। मृतक अविवाहित थे और अपने बड़े भाई के साथ रहते थे। दोनों भाई अविवाहित हैं और माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
