भैयादूज पर महिलाओं ने उठाया फ्री बस यात्रा का लाभ, नाहन डिपो से सैकड़ों ने किया सफर

नाहन (सिरमौर)। भाई-बहन के स्नेह का पर्व भैयादूज इस बार प्रदेश की महिलाओं के लिए कुछ खास रहा। वीरवार को राज्य सरकार द्वारा दी गई निशुल्क बस यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ बस अड्डों पर उमड़ पड़ी। नाहन, पांवटा साहिब, रेणुका, संगड़ाह, और राजगढ़ जैसे रूटों पर बसें महिलाओं से खचाखच भरकर रवाना हुईं।
प्रदेश सरकार के इस फैसले से महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई महिलाएं अपने भाइयों से मिलने के लिए दूर-दराज़ के गांवों तक पहुंचीं। वहीं, शहर और कस्बों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके का रुख करती नजर आईं। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में पूरे दिन महिलाओं को किराया नहीं देना पड़ा। निगम की यह फ्री ट्रैवल स्कीम सूर्योदय से सूर्यास्त तक लागू रही।
नाहन बस अड्डा प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि निगम मुख्यालय के निर्देशानुसार वीरवार को सुबह सूरज निकलने से लेकर शाम सूरज ढलने तक महिलाओं को सभी रूटों पर निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि सभी परिचालकों को विशेष निर्देश जारी किए गए थे कि किसी भी महिला यात्री का टिकट नहीं काटा जाए।
निगम के अनुसार नाहन डिपो की बसों में सैकड़ों महिलाओं ने हिमाचल की सीमा के भीतर विभिन्न रूटों पर यात्रा की। इस दौरान निगम के कर्मचारियों ने व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती। कई स्थानों पर अतिरिक्त बसें भी चलाई गईं ताकि भीड़ के बावजूद किसी महिला को असुविधा न हो।
महिलाओं ने इस पहल की खुलकर सराहना की और कहा कि प्रदेश सरकार का यह कदम न सिर्फ राहतभरा है बल्कि नारी सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास भी है। यात्रियों ने कहा कि ऐसे निर्णय महिलाओं को सामाजिक रूप से और अधिक स्वतंत्र बनाते हैं।
Also Read : राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाएं एवं परियोजनाएं
वहीं, स्थानीय लोगों ने भी बताया कि भैयादूज के दिन यह सुविधा विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इस दिन अधिकांश महिलाएं अपने भाइयों के घर जाती हैं। ऐसे में निशुल्क बस यात्रा से आर्थिक बोझ कम हुआ है और सभी ने खुशी-खुशी यह पर्व मनाया।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से यह सुविधा हर साल रक्षाबंधन और भैयादूज पर दी जाती है। इस साल भी भैयादूज फ्री बस यात्रा ने महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया।
