देवीनगर में लोगों की अपील — रात को ही चलें रेत बजरी ढोने वाले ट्रक-ट्राले
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देवीनगर क्षेत्र में दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही लगातार खतरा बनी हुई है। एनएच-07 से देवीनगर–रामपुरघाट मार्ग पर रेत बजरी ढोने वाले ट्रक-ट्रालों के लिए जिला प्रशासन ने रात का समय तय किया है, लेकिन कुछ चालक नियमों की अनदेखी करते हुए दिन में नो एंट्री जोन में प्रवेश कर रहे हैं। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि स्थानीय लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है।
रविवार सुबह देवीनगर के नागरिकों ने गांधीगिरी के अंदाज में इन चालकों से अपील की कि वे केवल निर्धारित समय — रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक ही देवीनगर मार्ग से रेत बजरी ढोने का कार्य करें। इस दौरान हिमोत्कर्ष संस्था जिला सिरमौर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी, संजय शर्मा, सावित्री तिवारी, दीपक मित्तल, राजू और जोरावर सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
सुबह करीब सात बजे कुछ ट्रक और ट्राले जब नो एंट्री जोन में दाखिल हुए, तो लोगों ने उन्हें रोककर शांतिपूर्वक समझाया। बाहरी राज्यों से आए कई चालक इस आदेश से अनजान थे, जिन्होंने आगे से नियमों का पालन करने का भरोसा दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार हादसों के बाद जिला प्रशासन ने यह तय किया था कि रेत बजरी ढोने वाले ट्रक-ट्राले केवल रात में ही चलेंगे। बावजूद इसके सुबह के समय तेज रफ्तार भारी वाहन इस क्षेत्र में दौड़ रहे हैं, जिससे अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
हिमोत्कर्ष संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि यह मामला जिलाधीश सिरमौर के ध्यान में भी लाया जाएगा, ताकि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से अपील की कि देवीनगर–रामपुरघाट मार्ग पर नियमित गश्त लगाकर दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए।
यह भी पढ़ें :
सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: महिला और भाई से 14 ग्राम चिट्टा बरामद, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
देवीनगर निवासियों ने कहा कि क्षेत्र में रेत बजरी ढोने वाले वाहनों की अनियमित आवाजाही न केवल लोगों के जीवन के लिए खतरा है बल्कि सड़कों को भी नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नो एंट्री उल्लंघन पर जुर्माना और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और अनुशासन बना रहे।
Also See : किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं और कृषि से जुड़ी जानकारी
