नशे के सौदागरों पर सिरमौर पुलिस की एक और बड़ी कार्यवाही, महिला समेत दो गिरफ्तार — 14 ग्राम चिट्टा बरामद
पांवटा साहिब / माजरा (सिरमौर)।
सिरमौर पुलिस द्वारा नशा तस्करों और चिट्टा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना माजरा की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 14 ग्राम मादक पदार्थ स्मैक/चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ND&PS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2025 को माजरा थाना पुलिस की टीम नियमित गश्त के दौरान पोंटिका फैक्टरी पुरुवाला के पास मौजूद थी।
इस दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि फुरकाना पत्नी अदरीश, निवासी गांव भगवानपुर डाकघर पुरुवाला, कांशीपुर तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर (हि.प्र.), अपने भाई आसिफ पुत्र समीम, निवासी गांव व डाकघर खिजराबाद, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के साथ मिलकर अपने किराए के मकान कांशीपुर में नशे का कारोबार करती है।
बताया गया कि ये दोनों भाई-बहन लंबे समय से अपने क्षेत्र में स्मैक/चिट्टा बेचने का अवैध धंधा कर रहे थे और स्थानीय युवाओं को नशे की लत में फंसा रहे थे।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने फुरकाना और आसिफ के कब्जे से 14 ग्राम स्मैक/चिट्टा बरामद किया। मौके पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर पुलिस थाना माजरा लाया गया।
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिरमौर पुलिस नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शेगी नहीं और युवाओं को इस कुरीति से बचाने के लिए पुलिस लगातार “नो टू ड्रग्स – यस टू लाइफ” संदेश के तहत कार्य कर रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों फुरकाना और आसिफ को आज दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को 14 अक्टूबर 2025 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है ताकि नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़ी अन्य कड़ियों का खुलासा किया जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ये आरोपी हरियाणा से मादक पदार्थ की छोटी खेपें लाकर सिरमौर और आसपास के इलाकों में बेचते थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इनके संपर्क में और कौन लोग शामिल हैं तथा नशे की सप्लाई कहां से होती थी।
सिरमौर पुलिस का संकल्प – नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने कहा कि सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अब तक कई बड़ी कार्रवाई की हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज से इस बुराई को समाप्त किया जा सके।
