Table of Contents
पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन : नए जीएसटी सुधार से हर वर्ग को मिलेगा फायदा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए देशवासियों को बड़े आर्थिक बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि नए जीएसटी सुधार 22 सितंबर से पूरे देश में लागू होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि यह सुधार न केवल कारोबारियों के लिए राहत लेकर आएंगे, बल्कि आम नागरिक, किसान, महिलाएं और मध्यम वर्ग सभी इससे लाभान्वित होंगे।
कारोबार और निवेश को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 में जब जीएसटी सुधार लागू किए गए थे, तब देश में दर्जनों अलग-अलग कर व्यवस्था मौजूद थी। एंट्री टैक्स, वैट, एक्साइज, सर्विस टैक्स जैसे कई टैक्स व्यापार और निवेश को कठिन बनाते थे। उन्होंने कहा कि नए बदलाव इन जटिलताओं को खत्म कर कारोबार और निवेश दोनों को सरल बनाएंगे। इससे भारत की ग्रोथ स्टोरी को नई ऊंचाई मिलेगी।
गरीब से मध्यम वर्ग तक सबको लाभ होगा
पीएम मोदी ने बताया कि बीते 11 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोगों ने गरीबी को पीछे छोड़ा है और नया मिडिल क्लास समूह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स को शून्य कर दिया गया है, जिससे मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है। अब नए जीएसटी सुधार से घर, वाहन, होटल और यात्रा पर खर्च कम होगा। त्योहारों के मौसम में यह “बचत उत्सव” आम जनता की जेब को राहत देगा और उनके सपनों को पूरा करने का रास्ता आसान बनाएगा।
नागरिक देवो भवः का मंत्र सर्वोपरि
प्रधानमंत्री ने खुशी जताई कि दुकानदार भाई-बहन भी जीएसटी सुधार को लेकर उत्साहित हैं और इसके फायदों को ग्राहकों तक पहुंचाने में जुटे हैं। उन्होंने “नागरिक देवो भवः” मंत्र के साथ आगे बढ़ने की अपील की और कहा कि यह कदम हर वर्ग की समृद्धि का आधार बनेगा।
22 सितंबर से लागू होंगे जीएसटी सुधार
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि नए जीएसटी सुधार 22 सितंबर को, नवरात्रि के पहले दिन सूर्योदय के साथ लागू हो जाएंगे। इसके साथ ही पूरे देश में “जीएसटी बचत उत्सव” की शुरुआत होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन सुधारों का पूरा लाभ उठाएं और देश की आर्थिक यात्रा में साझेदार बनें।
Also Read :
Himachal TET अनिवार्यता: Govt का Strong Decision 1 सप्ताह में, Teachers को Big होप
