सिरमौर में धान की खरीद 2,389 रुपए एमएसपी पर होगी, 3 अक्तूबर से शुरू होगी प्रक्रिया
नाहन, 11 सितंबर। किसानों के लिए राहत की खबर है। जिला सिरमौर में सरकार द्वारा धान की खरीद प्रक्रिया 03 अक्तूबर, 2025 से शुरू की जाएगी। जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शमशेर सिंह ने बताया कि धान की खरीद के लिए धौला कुआं और कृषि उपज विपणन समिति पांवटा साहिब को चयनित केंद्र बनाया गया है। इन दोनों स्थानों पर धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,389 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान (ग्रेड-ए) की खरीद किसानों के हित में की जा रही है, ताकि उन्हें फसल का सही मूल्य मिल सके। किसान अपनी धान की फसल बेचने के लिए पंजीकृत पोर्टल https://hpappp.hp.gov.in
पर पंजीकरण कर सकते हैं। यह पोर्टल 08 सितंबर, 2025 से खुल चुका है और किसान अपनी सुविधा अनुसार यहां पंजीकरण कर सकते हैं।
जिला नियंत्रक ने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान को केवल अधिकृत केंद्रों पर ही उपलब्ध कराएं, जिससे किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने धान की खरीद को लेकर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं और किसान इनका लाभ उठाएं।
उन्होंने जानकारी दी कि धान खरीद से सम्बंधित किसी भी तरह की समस्या या पूछताछ के लिए किसान जिला नियंत्रक कार्यालय नाहन के दूरभाष नंबर 01702-222558 या क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, नाहन के नंबर 01702-222258 पर संपर्क कर सकते हैं।
धान खरीद करेगी फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित
इस प्रकार सिरमौर जिले में धान की खरीद की प्रक्रिया न केवल किसानों को फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करेगी, बल्कि प्रदेश सरकार की किसानों के प्रति संवेदनशील नीति को भी दर्शाएगी।
Also Read :
