कुल्लू के बंजार में बोले मुख्यमंत्री सुक्खू: भाजपा खुद भ्रष्टाचार में लिप्त, जनता को कर रही है गुमराह
समाचार विस्तार :
बंजार (कुल्लू): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बंजार के दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा आज पांच गुटों में बंट चुकी है, और जो नेता पहले खुद भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे रहे हैं, वे आज कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगाकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “भाजपा के जिन नेताओं को आज नीति निर्धारण का जिम्मा दिया गया है, उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। वर्ष 2023 की आपदा के समय जब प्रदेश को केंद्र सरकार की सहायता की सबसे अधिक आवश्यकता थी, तब भाजपा के किसी भी नेता ने केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों के लिए कोई पैरवी नहीं की।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उस समय पीड़ितों के साथ खड़े होकर राहत कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी। “हमने मलबे में दबे लोगों को निकाला, गांवों को जोड़ा, और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू की। लेकिन भाजपा सिर्फ बयानबाज़ी कर रही थी।”
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बंजार क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी की गैरहाजिरी पर सवाल उठते ही मुख्यमंत्री ने कहा, “उनका दायित्व बनता है कि वह आएं और अपनी कुर्सी पर बैठें। उनके लिए कुर्सी रखी गई थी, अगर वे आते तो उनका नाम भी उद्घाटन पट्टिका पर होता। वे हमारे छोटे भाई हैं और बंजार के लिए जो सौगात दी गई है, वह उनके निर्वाचन क्षेत्र के लिए ही है।”
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लोकसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच यह बयान भाजपा पर एक रणनीतिक दबाव की कोशिश भी हो सकती है।